गरुड़, बागेश्वर। सुमित्रानंदन पंत राजकीय महाविद्यालय, गरुड़ में हिंदी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. डी. एन. तिवारी, डॉ. अवधेश तिवारी, श्री शेर राम टम्टा, डॉ. रेखा कुमारी, डॉ. शिव प्रकाश राय, उर्वशी टम्टा एवं डॉ. श्वेता पंत सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी. एन. तिवारी, जो हिंदी भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित विद्वान हैं, ने अपने संबोधन में हिंदी भाषा और साहित्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न देशों की भाषाओं, साहित्य और संस्कृतियों का उल्लेख करते हुए बताया कि किसी भी देश की भाषा उसकी सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और सामूहिक चेतना को अभिव्यक्त करती है। उन्होंने हिंदी को समृद्ध साहित्यिक परंपरा वाली भाषा बताते हुए इसके संरक्षण, संवर्धन और व्यापक प्रयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति जागरूक करते हुए इसके अध्ययन और दैनिक जीवन में अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया।






