आज हिन्दी दिवस है। यह कितनी बड़ी विडंबना है कि जिस देश की राजभाषा हिन्दी हो उस देश में हिन्दी सप्ताह, हिन्दी पखवाडा़ या हिन्दी महीना मनाया जाता है। जिस उदेश्य से बापू ने हिन्दी को देश के ओर-छोर तक संवाद और एकात्मकता का गौरव दिया था वह आज भयावह क्षरण का शिकार है। यह भाषा जहाँ एक ओर एक वर्ग विशेष के लिए घात-प्रतिघात का औजार है तो दूसरी ओर अकादमिक दुष्चक्र में अपनी आभा खो चुकी है। साहित्य और पत्रकारिता में हिन्दी का जो मान-सम्मान हमारे पुरखों नें बनाया था, उसे आगे बढ़ाने या समृद्ध करनें की हमारी युवा पीढ़ी में न कोई जिजीविषा है और न ही कोई सोच है।
सही मायने में हिन्दी दिवस उस दिन मनाया जाना चाहिए जिस दिन पूरे देश में राजकाज की भाषा हिन्दी हो जायेगी। वर्तमान स्थितियों में हिन्दी दिवस , हिन्दी पखवाडा, हिन्दी सप्ताह मनाया जाना हास्यस्पद लगता है। भारत की संविधान सभा नें 14 सितम्बर 1949 को हिन्दी को सरकारी कामकाज की भाषा बनाने का निर्णय लिया गया। संविधान के अनुच्छेद 243 (1) में उल्लेख किया गया है कि हिन्दी भारत संघ की राजभाषा होगी। इसी अनुच्छेद के खण्ड-2 में उल्लेख किया गया है कि पन्द्रह वर्षों तक भारत संघ का सभी कामकाज पूर्व की भांति अंग्रेजी में होता रहेगा। 15 वर्ष 1965 में पूरे हो चुके है किन्तु हिन्दी आज भी उसी स्थिति में है जैसे 1965 में थी। अभी भी भारत सरकार का सम्पूर्ण सरकारी कामकाज अंग्रेजी में हो रहा है। राज्यों का कामकाज क्षेत्रीय भाषाओं में हो रहा है। केवल हिन्दी भाषी राज्यों में सरकारी कामकाज हिन्दी में हो रहा है। राज्यों के सभी उच्च न्यायालयों में अंग्रेजी में ही कामकाज हो रहा है। ऐसी स्थितियों में क्या हिन्दी दिवस मनाये जाने का कोई औचित्य रह जाता है।
हमारी सरकार नें ही संविधान में हिन्दी को राष्ट्रभाषा का गौरव प्रदान किया, अब यदि इस गौरव की यथेष्ठ रक्षा नहीं हो पा रही है तो इसकी लाज हमारी सरकारों को होनी चाहिए। हिन्दी वालों को अपनी संख्याबल पर अभिमान नहीं होना चाहिए बल्कि उन्हें हिन्दी के सौन्दर्य पर अभिमान होना चाहिए। इस देश में केवल हिन्दी ही ऐसी भाषा है जिसे सभी प्रांतों के निवासी सुगमता से समझ सकते हैं और बोल सकते हैं। हिन्दी स्वयं इतनी समर्थ है कि सभी प्रांतों के निवासियों के विचार-विनिमय का माध्यम बन सकती है।
हिन्दी हमारी भाषा मात्र नहीं अपितु हमारी संस्कृति एवं संस्कार भी है। यदि हिन्दी का विकास होगा तो हमारी संस्कृति समृद्ध होगी एवं हमारे संस्कार परिष्कृत होंगे। इसलिए हम सबको हिन्दी के संवर्द्धन एवं विकास का संकल्प लेना होगा।






