30 वर्षों से उठी हुई मोटर मार्ग निर्माण की एक सूत्रीय मांग को मनवाने के लिए अपने ही गांव में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं फुलवारी के लोग

बागेश्वर जनपद के मल्लादनपुर में फुलवारी नाम की एक ग्राम पंचायत है। इस गांव पंचायत में फला चौंरा तथा खाली धार उप गांव हैं। आबादी के विस्तार के हिसाब से करीब 8 किलोमीटर चौड़ाई में बसे इस गांव के एक किनारे से हो कर गुजर रही जौमति नदी के किनारे पर गोदियाधार नाम से एक स्थान है । पिछले 32 दिनों से फुलवारी फला चौंरा, खाली धार को मोटर मार्ग से जुड़वाने के लिए इन गांवों के लोग गोदिया धार में धरने पर बैठे हुए हैं । यहां बता दिया जाए कि उपरोक्त गांवों को सड़क से जोड़ने की मांग तब से उठी हुई है जब 1996-97 में कपकोट से करमी के बीच सड़क का निर्माण किया गया था ।

वर्ष 2000 में अटल बिहारी वाजपेई की सरकार के दौरान पौड़ी क्षेत्र के सांसद भुवन चंद्र खंडूरी देश के भूतल परिवहन मंत्री बनाए गए तब उन्होंने पूरे भारत में प्रधानमंत्री सड़क योजना के नाम से विस्तृत कार्य योजना का खाका तैयार कर जनता के बीच में रखा था। यह खका जनता को आश्वासन देता है कि गांवों की आबादी की संख्या को केंद्र में रखकर चरणबद्ध तरीके से पूरे देश के प्रत्येक गांव को सड़क से जोड़ा जाएगा।इस आश्वासन के बाद फुलवारी गांव पंचायत को भी भरोसा मिला कि एक निश्चित समयावधि के बाद उनका गांव स्वत: मोटर सड़क से जुड़ जाएगा ।

वर्ष 2014-15 तक गांव को सड़क से जोड़ने की कोई जुगत दिखाई नहीं दी तब एक भरोसे के साथ गांव ने तब के मुख्यमंत्री हरीश रावत के सम्मुख अपनी मांग रखी कि राज्य सरकार के कोटे से उनके गांव को सड़क से जोड़ा जाए। श्री हरीश रावत की आदत थी कि वह जनता की मांग पर आश्वासन तो दे ही देते थे भले ही काम हो या ना हो। वर्ष 2016 में जब चुनाव का सिर्फ एक वर्ष से बचा था तब पूरी कपकोट विधानसभा में जगह-जगह से 4 , 6, 8, 10 किलोमीटर लंबी सड़कों की मांगे उठ रही थी उन मांगों में फुलवारी खाली धार वाली सड़क की मांग भी उठी हुई थी।

उन्हीं दिनों करीब करीब आचार संहिता लगने से कुछ समय पूर्व समाचार पत्रों में भी और सोशल मीडिया में भी खबर बनी थी कि कपकोट विधानसभा क्षेत्र में कई सड़कें स्वीकृत हो गई हैं। उन सड़कों में फुलवारी ग्राम पंचायत वाली सड़क का नाम भी था। एक पत्रकार की हैसियत से तब के अधिशासी अभियंता से जानना चाहा कि क्या वास्तव में सड़कें स्वीकृत हो गई हैं तो वह गोल-मोल और घुमा फिरा कर जवाब देने लगे। वे ना तो स्वीकृत सड़कों का शासनादेश दिखा सके और ना ही स्वीकृत टोकन मनी के विषय में ही कुछ बता सके।
वर्ष 2019 -20 में प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार थी और कपकोट में बलवंत सिंह भौर्याल विधायक थे। श्री भौर्याल ने फुलवारी गांव के लोगों से कहा कि वह आपके गांव की सड़क को जिला पंचायत से बनवाएंगे । ग्रामीणों की समझ में आ गया था कि श्री भौर्याल फुलवारी खालीधार सड़क के प्रति बहुत अधिक उत्साहित नहीं हैं। श्री भौर्याल ने अपने कार्यकाल के अंतिम वर्षों में कई मोटर मार्गो की स्वीकृति करवा कर उन सड़कों में काम भी शुरू करवाया था लेकिन फुलवारी वाली सड़क की और वह हमेशा पीठ कर के ही खड़े रहे।

वर्ष 2022 में भौर्याल चुनाव नहीं लड़े भारतीय जनता पार्टी ने उनके स्थान पर भगत सिंह कोश्यारी के खासम खास सुरेश गढ़िया को मैदान में उतारा । गड़िया बड़े अंतर के साथ चुनाव जीते भी। फुलवारी के लोग बताते हैं कि श्री गढ़िया उनकी सड़क को लेकर अलग-अलग समय में अलग-अलग प्रकार के बयान उनको देते रहे हैं। कभी कहते थे कि कोई कागज गलत बन गया है इसलिए फाइल लौट गई है , कभी कहते थे कि वन विभाग ने कागजों में त्रुटी कर दी है तब सड़क रुक गई है , कभी कहते थे कि अभी नए सिरे से एस्टीमेट बनाया गया है। श्री गढ़िया का कार्यकाल खत्म होने के अंतिम कुछ महीनो तक भी सड़क स्वीकृत नहीं हुई है तो लोगों ने अपने विधायक के बयानों पर विश्वास करना छोड़ दिया और निर्णय लिया कि जब तक उनके गांव की सड़क टोकन राशि सहित स्वीकृत नहीं हो जाती और सड़क का टेंडर नहीं हो जाता तब तक वे अपने ही गांव में एक किनारे पर क्रमिक धरना देते रहेंगे। जब मैं इन पंक्तियों को लिख रहा हूं तब गांव वालों के धरने के 32 दिन पूरे हो चुके हैं। इस सड़क के विषय में लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री सड़क योजना विभाग खुलकर कुछ भी नहीं बताने की स्थिति में नहीं हैं।

सच यही है कि फुलवारी फला चौंरा, खाली धार सड़क की स्वीकृति अभी दूर-दूर तक दिखाई नहीं दे रही है। आंदोलनकारी 21 अगस्त को जिलाधिकारी कार्यालय के घेराव की घोषणा कर चुके हैं तथा बागेश्वर संघर्ष वाहिनी अपने 10 सूत्रीय मांग पत्र के साथ 19 तारीख को जिला मुख्यालय में धरने में बैठने की घोषणा कर चुकी है । संघर्ष वाहिनी के मांग पत्र के बिंदुओं में एक बिंदु फुलवारी मोटर मार्ग के निर्माण को लेकर भी है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x