विभिन्न सामाजिक- राजनीतिक संगठनों ने केतन हत्याकांड के मामले में पुलिस जांच की भ्रामक दिशा को दुरुस्त किये जाने को लेकर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री आनंद वर्द्धन से मुलाकात की


7-8 जून 2026 की रात को टिहरी जिले के प्रतापनगर ब्लॉक के लंबगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवल गांव के निवासी नाबालिग युवक केतन लाल की बर्बर पिटाई की गयी, जिससे उसकी अगली सुबह मृत्यु हो गयी. उसके साथी दिवाकर डिमरी को भी बेहद बुरे तरीके से पीटा गया. यह पिटाई खोलगढ़ गांव के यशवीर पंवार और उनके परिवार द्वारा किये जाने का आरोप है. दिवंगत केतन के पिता श्री धनपाल लाल शाह ने लंबगांव कोतवाली में दर्ज एफआईआर में लिखवाया है कि यशवीर पंवार ने स्वयं फोन करके केतन को बुरे तरीके से पीटने की खबर धनपाल लाल को दी.

इस प्रकरण में दिवंगत केतन का यशवीर पंवार की पुत्री से प्रेम संबंध होना हत्या करने की हद तक पीटने का कारण बताया गया क्यूंकि दिवंगत केतन अनुसूचित जाति से था और मुख्य आरोपी व उनका परिवार तथाकथित उच्च जाति से !

इस मामले में शुरूआती तौर पर टिहरी पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए एफआईआर संख्या 0009 / 2026 दर्ज की और हत्या व अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम,1989 के तहत यशवीर पंवार समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया.

जैसे-जैसे समय बीता, इस प्रकरण में हत्यारोपियों के पक्ष में गोलबंदी होने लगी और सार्वजनिक तौर पर हत्या जैसे उनके जघन्य कृत्य को जायज ठहराया जाने लगे और साथ ही सार्वजनिक रूप से जातीय घृणा भरे भाषण दिए जाने लगे.

पुलिस की खुद की जांच रिपोर्ट कहती है कि मृतक केतन लाल और केतन की हत्या के मुख्य आरोपी यशवीर पंवार की पुत्री के बीच अच्छी दोस्ती थी और दोनों के बीच मोबाइल पर लंबी-लंबी बातचीत होती थी. पुलिस की जांच रिपोर्ट यह भी कहती है कि 7-8 जून 2026 की रात को जब केतन व दिवाकर डिमरी को बर्बरता पूर्वक पीटा गया और केतन की मृत्यु हो गयी और उसके अगले दिन भी केतन हत्याकांड के मुख्य आरोपी यशवीर पंवार की पुत्री के साथ किसी तरह की यौन हिंसा या दुष्कर्म की शिकायत पुलिस को नहीं दी गयी.

इस बीच एक व्हाट्स ऐप चैट भी सामने आई है, जो उस लड़की की बताई जा रही है, जिसकी दिवंगत केतन से मित्रता थी और यह 7 जून 2026 की रात की बताई गयी है. यह चैट एक अन्य लड़की के फोन से होना बताया गया है. इस चैट से तो साफ़ होता है कि दिवंगत केतन को खोलगढ़ बुलाया गया था. साथ ही यह चैट एक अन्य बालिग़ लड़की, जो केतन की मित्र नाबालिग लड़की की बहन है और बालिग़ है- के फोन से होना बताया गया है.

11 जुलाई 2026 को केतन हत्याकांड के मुख्य आरोपी यशवीर पंवार की पत्नी द्वारा अपनी पुत्री के साथ दुष्कर्म होने की शिकायत लंबगांव थाने में दी गयी और पुलिस ने पोक्सो समेत अन्य धाराओं में एफआईआर संख्या 0014 / 2026 दिवाकर डिमरी के खिलाफ दर्ज कर ली और कुछ दिन बाद उसे गिरफ्तार करके जेल भी भेज दिया. यह उस भीड़ के दबाव में किया गया, जो खुलेआम “सौ टुकड़े करने” “थाने को मिट्टी में मिलाने ” जैसी बातें कर रही थी. भीड़ किसी भी बहाने से हत्या के कृत्य को जायज ठहराना चाहती है और जाति के नकली श्रेष्ठता बोध में उन्मत्त है , राजनीतिक प्रभाव भी उसके साथ प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस और कानून को ऐसी भीड़ के दबाव में क्यों आना चाहिए ?

टिहरी और खासतौर पर लंबगांव की थाने की पुलिस ने अपनी ही तमाम रिपोर्टों को नकारते हुए इस मामले में पोक्सो (Prevention of Children from Sexual Offences Act, 2012) की धारा 5 n के तहत दिवाकर डिमरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. जबकि उक्त अधिनियम की धारा 5 n कहती है कि : “.. whoever being a relative of the child through blood or adoption or marriage or guardianship or in foster care or having a domestic relationship with a parent of the child or who is living in the same or shared household with the child, commits penetrative sexual assault on such child; “

दिवाकर डिमरी न तो उक्त परिवार का रिश्तेदार है ना परिजन तो जाहिर है कि दबाव और राजनीतिक प्रभाव के चलते, हड़बड़ी में टिहरी पुलिस ने मुख्य चश्मदीद गवाह को मनमानी धारा लगाकर जेल भेज दिया.

यह केतन लाल हत्याकांड में न्याय को बेपटरी करके हत्यारोपियों को मदद पहुंचाने जैसा है.

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x