बागेश्वर कपकोट तहसील क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में खबर लिखे जाने तक वाहन चालक की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं घायल हुईं हैं । हादसा सुबह करीब 8:15 बजे कपकोट-बागेश्वर मोटर मार्ग तुडतुडिया-भैरों लिंक रोड पर हुआ। जानकारी के अनुसार वाहन संख्या यूके 02 सीए 0677 तुडतुडिया से भैरों की ओर जा रहा था। इसी दौरान लिंक रोड पर लगभग एक किलोमीटर आगे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 15 से 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
वाहन में चालक सहित कुल छह लोग सवार थे। दुर्घटना में चालक भगत सिंह (33 वर्ष) पुत्र हयात सिंह निवासी खारबगड़, को कपकोट उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही घायल ने दम तोड़ दिया ।
हादसे में सुरमा देवी (60 वर्ष) पत्नी स्व. पुष्कर सिंह निवासी खटगेड़ा रेथल गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। वही राधा देवी (27 वर्ष) पत्नी महेश सिंह, तारा देवी (33 वर्ष) पत्नी देवेंद्र सिंह, उमा देवी साही (25 वर्ष) पत्नी भुवन सिंह निवासी खटगेड़ा रेथल तथा कमला ऐठानी (32 वर्ष) पत्नी संतोष ऐठानी निवासी ऐठाड़, कपकोट घायल हो गईं। सभी घायलों को उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि वाहन असों-कपकोट क्षेत्र से भैरों गांव घास लेने जा रहा था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा तथा घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस और प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

