उत्तराखंड राज्य की विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने राहुल गांधी की 4 जून को अल्मोड़ा में प्रस्तावित रैली को सफल बनाने के उद्देश्य से बागेश्वर जनपद के गरुड़ विकासखंड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात कर सभी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे अंतिम कांग्रेस कार्यकर्ता तथा कांग्रेस के अंतिम समर्थक तक पहुंच कर सभी को राहुल गांधी की अल्मोड़ा रैली में पहुंचने के लिए आमंत्रित करें तथा स्वयं अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ लेकर अल्मोड़ा रैली में पहुंचें ।
अपने व्यस्ततम कार्यक्रम के बीच ही श्री यशपाल आर्या ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि 4 जून को अल्मोड़ा में प्रस्तावित रैली राहुल गांधी की शंखनाद रैली के रूप में लंबे समय तक याद रखी जाएगी।
श्री आर्या ने केंद्र तथा प्रदेश की सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला अपराध, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, परीक्षार्थियों की परीक्षा कापी बदलना, माफिया सत्ता गठजोड़ कर जनता की गाड़ी कमाई को लूटना, लाभ वाले सार्वजनिक उपक्रमों को अपने निजी मित्रों को औने पौने दामों में बांटना भारतीय जनता पार्टी की सरकारों की असल चरित्र है। सरकारों से सवाल पूछने वालों का किस प्रकार से दमन किया जा रहा है यह पूरा देश देख और सुन रहा है।
श्री आर्या ने उत्तराखंड सरकार के मुख्यमंत्री धामी पर आरोप लगाया कि उनके रहते हुए प्रदेश खोखला होता जा रहा है, भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है तथा कर्मचारियों अधिकारियों के तबादलों को भी भाजपा ने मुनाफे का कारोबार बना लिया है।
पूछे गए एक सवाल के जवाब में श्री आर्या ने कहा कि राज्य सरकार इस कद्र असफल हो चुकी है कि पर्यटन जैसा व्यवसाय भी सरकार से संभाले नहीं संभाल रहा है । देशभर से पहाड़ पर पहुंच रहे पर्यटक सरकार की बदइंतजामी पर सरकार को गालियां दे रहे हैं । उन्होंने चिंता व्यक्ति की सरकार पर्यटन के नाम पर अपने मित्रों और सहयोगियों को औने-पौने दामों पर सरकारी जमीनें बेच रही है।
एक प्रश्न के जवाब में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह चिंता का विषय है कि देश और राज्य में सरकार के नियंत्रण वाली शिक्षा को समाप्त करने की साजिश के तहत देश और राज्य की शिक्षा व्यवस्था आरएसएस के हाथों में सौंप दी गई है।
एक अन्य सवाल के जवाब में श्री आर्या ने माना कि इंडियन मेडिसिन फार्मासिटीकल कॉरपोरेशन लिमिटेड का निजीकरण किया जाना उत्तराखंड के समाज के साथ खुला धोखा है। इस धोखे में केन्द्र की मोदी सरकार अकेले शामिल नहीं है, बल्कि राज्य की धामी सरकार भी शामिल है। इस महा धोखे के माध्यम से उत्तराखंड की जनता के साथ किए गए राजनीतिक अपराध के खिलाफ कांग्रेस पार्टी आंदोलन करेगी तथा उस हर मंच पर इस मुद्दे को उठाया जाएगा जहां से आवाज केंद्र सरकार के अलावा पूरे देश के कानों तक पहुंचे।
श्री आर्या ने कहा कि डॉक्टर मनमोहन सिंह के कार्यकाल में केंद्र सरकार द्वारा जनहित में बनाए गए कानूनों के साथ केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार तथा राज्य की धामी सरकार किस प्रकार से छेड़छाड़ कर रही है, को कांग्रेस जनता के बीच ले जाकर भाजपा की संविधान विरोधी विचारधारा को सार्वजनिक करेगी।





